नाचनी (पिथौरागढ़)। क्षेत्र में गैस सिलिंडरों की किल्लत से लोगों में आक्रोश है। उन्होंने सिलिंडरों की आपूर्ति शीघ्र नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
नाचनी क्षेत्र में माह की दो और चार तारीख को गैस सिलिंडरों का वितरण किया जाता है। नाचनी की सीमा फल्याटी से शुरू हो जाती है। दो अक्तूबर को गांधी जयंती की छुट्टी के चलते सिलिंडरों का वाहन नहीं आ पाया। बृहस्पतिवार को सिलिंडर का वाहन तो आया, लेकिन उसमें सौ सिलिंडर ही थे। नाचनी के साथ ही हुपली आदि क्षेत्रों से करीब 400 सिलिंडर भरवाने के लिए आए थे।
सिलिंडर नहीं मिलने से लोगों को मायूस लौटना पड़ा। लोगों का कहना था कि एक तो 940 रुपये में सिलिंडर भरा जा रहा है, वह भी नहीं मिल पा रहा है। एजेंसी कर्मी के अगले माह सिलिंडरों का वाहन आने की बात कहने पर लोग भड़क गए। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने बताया कि थल गैस एजेंसी से वार्ता कर शुक्रवार को सिलिंडर का वाहन क्षेत्र में भेजा जाएगा।