पिथौरागढ़। तडेमियां-रावतगढ़ सड़क पर 20 दिन से यातायात बंद है। इससे भड़के लोगों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क पर यातायात शीघ्र बहाल करने की मांग की।
लोगों का कहना था कि सड़क पर दो अगस्त से यातायात ठप है। सड़क मलबे से पटी है। सड़क को खोलने के प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। लोगों को मुख्य सड़क तक आने के लिए कई किमी पैदल चलना पड़ रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता दीपक सौन ने कहा कि सड़क खोलने की मांग को लेकर पहले भी प्रदर्शन किया जा चुका है, लेकिन सड़क से मलबा नहीं हटाया गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर, युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि अगर सड़क नहीं खुलती है तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन शुरू करेंगे। प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित भुल्लर, करन सिंह, हरीश सामंत, सौरभ भंडारी, किशन, रवि, कमल आदि थे।