पिथौरागढ़। जिले के दूरदराज के क्षेत्रों में सड़कों के हाल बुरे हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते मलबा गिरने से सड़कें बार-बार बाधित हो रही हैं। कुछ जगहों पर तो चालक जीप में फावड़ा और बेलचा साथ लेकर चल रहे हैं, जिससे कि सड़क बंद होने पर उन्हें खोला जा सकें।
गुरना से नेपाल सीमा के गांवों को जोड़ने के लिए सेल, सल्ला होते हुए रावतगड़ा तक सड़क बन रही है। सल्ला से रावतगड़ा तक पीएमजीएसवाई के अंतर्गत सड़क का निर्माण चल रहा है। बरसात के चलते सड़क आए दिन बाधित हो रही है। इसके चलते जीप चालक वाहन में फावड़ा, बेलचा साथ लेकर चल रहे हैं।
बंद सड़क को खोलने में यात्री भी मदद करते हैं। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता मनोज चंद और जीप चालक मोहन सिंह ने बताया कि ग्रामीणों को जिला मुख्यालय पहुंचने में किसी तरह की दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़े इसके लिए यह व्यवस्था की गई है। मनोज ने बताया कि पिछले छह माह से रावतगड़ा और भोर को जोड़ने वाला ओखली गाड़ का पुल जीर्णशीर्ण हालत में है। पुल एक किनारे पर क्षतिग्रस्त हो गया है। ग्रामीणों ने आवागमन करने के लिए क्षतिग्रस्त पुल के ऊपर लकड़ी के डंडे डाले गए हैं। तड़ेमियां स्कूल को जाने वाले बच्चों के लिए पुल खतरा बना हुआ है। उन्होंने शीघ्र पुल की मरम्मत किए जाने की मांग उठाई है।