पिथौरागढ़। दिल्ली की वाइल्ड लिफ्ट संस्था को प्रशासन ने कहा है कि वह अपने जोखिम पर कार रैली करें। यदि रैली के दौरान कोई आकस्मिक परिस्थिति पैदा होती है तो इस आयोजन को बीच में ही रोका जा सकता है। बताया गया कि दिल्ली की इस संस्था ने 14 से 18 फरवरी तक जिले के तेजम, नाचनी, बेड़ीनाग, सेराघाट मार्ग पर कार रैली के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी है।
डीएम सी रविशंकर ने कहा कि कार रैली के दौरान आयोजकों को इस बात का ध्यान देना होगा कि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, कानून व्यवस्था की कोई समस्या खड़ी न हो, रैली के दौरान मार्ग पर जाम की नौबत न आने पाए और यदि रैली के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना होगी तो संबंधित संस्था खुद जिम्मेदार रहेगी।
रैली के आयोजन से पहले संस्था को संबंधित एसडीएम और सीओ से भी विधिवत अनुमति लेनी होगी। डीएम ने कहा कि यदि रैली के दौरान कोई आकस्मिक स्थिति पैदा होती है तो आयोजन को रैली निरस्त करनी पड़ेगी। बताया गया कि इस कार रैली में दिल्ली और आसपास के कार चालक भाग लेंगे।