पिथौरागढ़। अंबेडकर छात्रावास में मंगलवार रात से भोजन बनने लगा है। प्रशासन ने भोजन बनाने वाले ठेकेदार को सख्त हिदायत दी है कि यदि भविष्य में इस तरह की मनमानी की तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम एसके पांडे ने बताया कि छात्रों और ठेकेदार के बीच गलतफहमी के कारण यह समस्या पैदा हो गई थी, अब समस्या का समाधान कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रावास की अव्यवस्था को लेकर जो मुद्दे उठाए गए हैं, उनके समाधान के लिए शीघ्र प्रयास कर दिए गए हैं। छात्रावास में सफाई, पेयजल की व्यवस्था और भोजन की व्यवस्था की लगातार देखरेख की जाएगी। छात्रावास के अध्यक्ष किशोर राम ने कहा कि यदि प्रशासन के सामने समस्या को नहीं रखा जाता तो कभी समाधान नहीं हो पाता।
उन्होंने कहा कि डीएम ने मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई हो गई। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा ऐसी कोई नौबत आएगी तो छात्र उग्र आंदोलन करेंगे। अंबेडकर छात्रावास में इस समय 35 छात्र रहते हैं। छात्रों ने भोजन बनाने वाले ठेकेदार से कहा था कि वह मीनू के आधार पर भोजन उपलब्ध कराए, लेकिन ठेकेदार ने इस बात को मानने के बजाय सोमवार की रात भोजन ही तैयार नहीं किया। फिलहाल मामला शांत हो गया है और छात्र छात्रावास में ही भोजन कर रहे हैं।