ब्लाक पौड़ी के सिरोली गांव का एक युवक फोन पर बात करते हुए एक सड़क से दूसरी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। परिजन उसे बेहोशी ही हालत में एम्स ऋषिकेश लेकर गए जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही वो उठ खड़ा हुआ। उसे पौड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। यह घटना पौड़ी और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जिला मुख्यालय पौड़ी के नए बस अड्डे पर बृहस्पतिवार देरशाम फोन पर बात करते हुए सिरोली गांव निवासी विजय रावत पुत्र परमेंद्र सिंह रावत अचानक सड़क से नीचे गिर गया और उसके सिर पर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से बेहोशी की हालत में विजय को जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के बाद घायल युवक को एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर किया गया। यहां से भी उसे रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर जा रहे थे कि रास्ते में युवक उठ खड़ा हुआ। इस पर परिजन उसे दोबारा जिला अस्पताल पौड़ी लाए। जहां डाक्टरों ने उपचार किया। हालांकि बेहतर उपचार के लिए उसे यहां से भी रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पौड़ी के चिकित्सा अधीक्षक डा. प्रशांत जैन ने बताया कि विजय की वास्तविक स्थिति की जानकारी परिजनों को देने के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पालिकाध्यक्ष पौड़ी यशपाल बेनाम ने कहा कि यह घटना परिजनों के लिए सुखद है। उम्मीद करते हैं कि वह जल्द स्वस्थ होकर घर लौट आए। वहीं ऋषिकेश एम्स के पीआरओ हरीश मोहन थपलियाल ने कहा कि युवक को गंभीर हालत में अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। उसका ऑपरेशन होना था। डॉक्टरों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी थी लेकिन परिजन उसको लामा (चिकित्सीय सलाह के विरुद्ध) फॉर्म पर हस्ताक्षर कर अपने साथ ले गए।