कोतवाली पहुंचकर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। बीते दिनों यात्रा पर आए निहंगों की ओर से हुड़दंग मचाने से गुस्साए स्थानीय युवाओं और गढ़वाल विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्र संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा। पूर्व व वर्तमान छात्र नेताओं के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की मांग की।
युवाओं और छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन स्थानीय युवाओं की ओर से यातायात नियमों का थोड़ा सा भी उल्लंघन करने पर तुरंत चालान करता है लेकिन बाहरी राज्यों से आने वाले कई लोग सरेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं और उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के किसी भी कोने में अगर कोई भी मर्यादा तोड़ेगा तो छात्र संगठन उसका कड़ा जवाब देंगे। इस मौके पर भाजयुमो के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर जोशी, आर्यन छात्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय बिष्ट, निशांत कंडारी, आयुष मियां, उत्तम भंडारी, देवकांत देवराड़ी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष गौरव मोहन नेगी और अनमोल भंडारी आदि मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और हुड़दंगियों पर लगाम कसने के लिए विशेष टीमें बनाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।