चुनावी प्रचार के आखिरी दौर में भाजपा और कांग्रेस के स्टार प्रचारक कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। आज पहाड़ की विभिन्न विधानसभा सीटों पर चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। वहीं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भी चुनावी सभा करेंगी।
शनिवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी श्रीनगर, सल्ट, कर्णप्रयाग, नई टिहरी व कोटद्वार में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। श्रीनगर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट ने बताया कि आदित्यनाथ शनिवार दोपहर 12 बजे देवराड़ीखाल मैदान बूंगीधार (थलीसैंण) में उतरेंगे। यहां वह लगभग आधे घंटे श्रीनगर, सल्ट व कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र की जनता को संबोधित करेंगे। वहीं, कांग्रेस के मीडिया प्रभारी लाल सिंह नेगी ने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव शनिवार को खटीमा व हल्द्वानी में चुनावी सभा करने के बाद लगभग ढाई बजे हेलीकॉप्टर से श्रीनगर पहुंचेगीं। यहां एनआईटी मैदान में उनकी जनसभा होगी।
वहीं, नई टिहरी में चुनाव संयोजक व पूर्व प्रमुख खेम सिंह चौहान ने बताया कि योगी पार्टी प्रत्याशी किशोर उपाध्याय समेत जिलेभर के भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए रैली कर रहे हैं। योगी हेलीकॉप्टर से विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मैदान में उतरेंगे। इसके बाद वह पीआईसी ग्राउंड में 11 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।