गर्मियों में पेयजल संकट बढ़ने की आशंका, ग्रामीणों ने जल संस्थान से लगाई गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। इडवालस्यूं पट्टी की मांसौ–गिरगांव पंपिंग पेयजल योजना से अधिकांश गांवों में पानी की आपूर्ति सुचारू है, लेकिन गिरगांव में कुछ परिवार योजना के लाभ से वंचित हैं। गांव के प्राथमिक विद्यालय से नीचे स्थित पांच-छह घरों में नियमित रूप से पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गिरगांव निवासी अजय हटवाल, दुर्गा प्रसाद गैरोला और प्रेमबल्लभ नौटियाल ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय से नीचे स्थित कांति देवी, मंगली देवी और विशेश्वर प्रसाद समेत पांच-छह परिवारों के पेयजल कनेक्शनों में तकनीकी दिक्कत बनी हुई है। इसके चलते इन घरों तक नियमित रूप से पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, इस संबंध में जल संस्थान को सूचना दी गई थी। कुछ समय पहले विभागीय टीम ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा भी लिया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। उन्होंने जल संस्थान से जल्द तकनीकी खामी दूर कर सभी घरों तक नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। पौड़ी जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता प्रवीण सैनी ने बताया कि विभाग को इस संबंध में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि कुछ घरों में पानी की आपूर्ति बाधित है तो टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।