पौड़ी। उत्तरकाशी के सिलक्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर राज्य आपदा प्रबंधन दिवस मनाया गया। जिला प्रशासन ने जनपद के नौ जगहों पर वृहद मॉक ड्रिल आयोजित कर राहत व बचाव कार्यों का अभ्यास किया।
मॉकड्रिल के तहत बाढ़, भूस्खलन, बादल फटना, आग लगना, भवन क्षतिग्रस्त होना, सड़क दुर्घटना, भूकंप और रासायनिक रिसाव जैसी संभावित आपदा परिस्थितियों के अलग-अलग परिदृश्य तैयार किए गए। विभागों की टीमों ने निर्धारित परिस्थितियों के अनुरूप राहत व बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।
जिसमें लक्ष्मणझूला क्षेत्र व जीवीके डैम श्रीनगर में बाढ़, पौड़ी ऑडिटोरियम हॉल में भगदड़ व आगजनी, चाकीसैंण के ग्राम दौला और थलीसैंण के ग्राम गंगाऊं में बादल फटने, धुमाकोट के ग्राम रिंगताल्ली खट्टा के समीप बस दुर्घटना, चौबट्टाखाल के देवराजखाल क्षेत्र में वनाग्नि, कोटद्वार के लोकमणिपुर स्थित दवा निर्माण इकाई में जहरीली गैस व रासायनिक पदार्थ के रिसाव के साथ ही जिला अस्पताल पौड़ी में भूकंप के दौरान राहत व बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। टीमों ने त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय, प्रभावितों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार और राहत व्यवस्था की प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया। जबकि कलेक्ट्रेट सभागार स्थित आपदा परिचालन केंद्र से एडीएम पीआर चौहान, एएसपी संचार अनूप काला, डीडीओ रमेश चंद, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा आदि ने मॉकड्रिल की निगरानी की।