आर्यन छात्र संगठन ने छात्रों की समस्याओं का समाधान न किए जाने पर गढ़वाल केंद्रीय विश्व विद्यालय के कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में धरना दिया। कहा कि विश्वविद्यालय की आंतरिक परीक्षाओं के असाइनमेंट जमा करने के बाद भी अनुपस्थित दिखाया है। संगठन ने शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को बिड़ला परिसर के पूर्व महासचिव व आर्यन छात्र संगठन के प्रदीप रावत ने कहा कि वर्ष 2020-21 यूजी और पीजी की कक्षाओं के अधिकांश छात्रों के परीक्षा परिणामों में उन्हें अनुपस्थित दिखाया गया है, जबकि छात्रों ने अपनी आंतरिक परीक्षाओं के एवज में असाइनमेंट जमा करवा दिए थे। इस लिए रिजल्ट में अनुपस्थित दर्शाया जाना गलत है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल विवि की वेबसाइट में दिक्कत होने के कारण छात्र अपने पीएचडी के आवेदन पत्रों के शुल्क जमा नहीं करा पाए हैं। उन्होंने शुल्क जमा करवाने के लिए छात्रों को एक और मौका दिए जाने व पीजी पाठ्यक्रमों में ओबीसी की रिक्त पड़ी सीटों को सामान्य सीटों में परिवर्तित किए जाने की मांग की है। इस मौके पर गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. अजय खंडूड़ी ने छात्रों को सकारात्मक आश्वासन दिया है, जिसके बाद छात्रों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। इस मौके पर आर्यन छात्र संगठन के सम्राट राणा, हिमांशु बिष्ट, अनुराग घिल्ड़ियाल, अंकित झिंक्वाण, आशु आदि मौजूद थे।