श्रीनगर। कीर्तिनगर ब्लॉक के अकरी, बारजुला, डागर व कड़ाकोट पट्टी के करीब 50 से अधिक गांवों को जल्द ही बिजली की आंख मिचौली से राहत मिलेगी। अभी तक बिजली लाइन में बार-बार फॉल्ट आने व तेज हवा आने पर बिजली बाधित होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके समाधान के लिए सेमला गांव में बन रहे 33 केवी सब स्टेशन का कार्य करीब 70 प्रतिशत से अधिक पूरा हो गया है। इससे क्षेत्र के लोगों को जल्द ही वर्षों से चली आ रही बिजली की समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
अकरी, बारजुला व डागर पट्टी के गांवों में विद्युत आपूर्ति के लिए 9 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से 33 केवी सब स्टेशन का निर्माण कार्य करीब 8 माह पूर्व शुरू हो गया था। तब से लेकर निर्माण कार्य जोरों पर है। अभी तक सब स्टेशन से लाभान्वित होने वाले गांवों में लाइन बिछाने, यार्ड बनाने का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। जबकि अभी सिविल के कार्य होने बाकी हैं।
सिविल कार्य में तेजी आने पर वर्ष 2025 के शुरुआत में ही इस 33 केवी सब स्टेशन से गांवों को बिजली मिलनी शुरू होने की उम्मीद है। अभी तब क्षेत्र में कीर्तिनगर-कांडीखाल फीडर से बिजली की आपूर्ति होती है, यह बहुत बड़ा फीडर होने से इसमें अक्सर फॉल्ट रहता है। जिससे उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतें आती हैं। भाजपा महिला मोर्चा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष प्रीति लखेड़ा ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी की पहल पर सेमला गांव में 33 केवी सब स्टेशन के प्रस्ताव को मंजूरी दिलाई गई थी। इसे अपने ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल कर वह योजना को मूर्त रूप देने के प्रयासों में जुटे हुए हैं।
कीर्तिनगर ब्लॉक के सेमला में बन रहे 33 केवी सब स्टेशन का निर्माण का करीब 70 प्रतिशत से अधिक पूरा हो गया है। 31 दिसंबर तक बिजलीघर का संचालन करने का प्रयास किया जा रहा है। शेष निर्माण कार्यों को तेजी से किया जा रहा है।
आशीष अरोड़ा, चीफ सिविल, यूपीसीएल।
सेमला में 33 केवी सब स्टेशन का निर्माण तेजी पर चल रहा है, इसका निर्माण जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। उक्त बिजलीघर शुरू होने से चार पट्टियों के गांवों के लोगों की वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान हो जाएगा।
विनोद कंडारी, विधायक, देवप्रयाग विधानसभा।