विकास खंड कीर्तिनगर के धारपंयाकोटी के ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मनरेगा सहायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने खंड विकास अधिकारी पर शिकायतों की बिना जांच करवाए मुख्यमंत्री शिकायत निस्तारण पोर्टल पर कार्रवाई प्रस्तुत करने का आरोप लगाया है।
मंगलवार को धारपंयाकोटी के ग्रामीण शूरवीर सिंह पंवार, नरेंद्र सिंह राणा व विरेंद्र सिंह राणा ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि गांव के नवाड़ नामी तोक में मनरेगा के तहत दो वर्ष पहले भूमि सुधार का काम करवाया गया है लेकिन अब तक अधिकतर श्रमिकों का भुगतान नहीं किया गया। गत वर्ष सेमलू नामी तोक में गूल और हौज का निर्माण किया गया है। इस योजना में काम करने वाले श्रमिकों को भी पूरा भुगतान नहीं दिया गया। इस कारण श्रमिक टोली नायकों से मजदूरी भुगतान की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही गांव में करवाए गए निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी की जा रही है। जब इस संबंध में खंड विकास अधिकारी से शिकायत की गई तो उन्होंने जांच कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया था लेकिन जांच कमेटी की ओर से भी शिकायतकर्ताओं को बिना सूचना दिए एक तरफ जांच की गई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री शिकायत निस्तारण पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई थी लेकिन खंड विकास अधिकारी की ओर से बिना जांच कराए पोर्टल पर शिकायतों का निस्तारण प्रस्तुत किया गया। ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई न होने पर प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी है।
जांच कमेटी की ओर से शिकायतों की जांच की गई है। इसमें कोई तथ्य सामने नहीं आया है। श्रमिकों को भी निर्माण कार्य की एमबी के अनुसार मजदूरी का भुगतान किया जा चुका है।-आरपीएस नेगी, खंड विकास अधिकारी कीर्तिनगर