पाबौ। पाबौ ब्लॉक क्षेत्र में यात्रा सीजन के दौरान ओवरलोडिंग का चलन तेजी से बढ़ रहा है। गर्मियों की छुट्टियों और धार्मिक यात्राओं के कारण यात्री वाहनों व छोटे मालवाहक वाहनों की मांग काफी बढ़ गई है। इसी का फायदा उठाकर कुछ वाहन स्वामी नियमों को ताक पर रखकर भारी ओवरलोडिंग कर रहे हैं। यह वाहन या तो देर रात के समय सड़कों पर दौड़ते देखे जा रहे हैं या फिर रात खुलने से ठीक पहले ओवरलोड होकर निकल जाते हैं। इससे न केवल आमजन की जान खतरे में पड़ रही है, बल्कि यह वाहन सड़क दुर्घटनाओं का भी कारण बन रहे हैं।
स्थानीय निवासी मनोज सिंह का कहना है कि ये ओवरलोड वाहन न तो पुलिस डरते हैं और न ही परिवहन विभाग की परवाह करते हैं। इससे शासन को राजस्व की भी हानि हो रही है।
चौकी प्रभारी पाबौ नवीन पुरोहित ने बताया कि ऐसे वाहनों की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। पुलिस ने अब गश्त बढ़ा दी है और जल्द ही ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि नियमों को ताक पर रखकर किसी की जान से खिलवाड़ न होने दिया जाए।