बीएसएनएल (भारत संचार निगम लिमिटेड) की संचार सेवा ठप होने से वैक्सीनेशन सेंटर में डाटा एंट्री का काम लगभग दो घंटे प्रभावित रहा। इससे नाराज लोगों ने आक्रोश जताया। स्वास्थ्य विभाग ने निजी संचार कंपनियों के डोंगल भेजे लेकिन उन्होंने भी काम नहीं किया। दोपहर 12.30 बजे के करीब संचार सेवा बहाल होने पर डाटा फीड हो पाया।
बुधवार सुबह लगभग साढ़े 10 बजे बीएसएनएल की संचार सेवा ठप हो गई। इससे ब्राडबैंड सेवा भी बाधित हो गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गढ़वाल विवि में बनाए गए कोविड वैक्सीनेशन सेंटर में डाटा एंट्री के लिए बीएसएनएल ब्राडबैंड कनेक्शन लिया हुआ है। बीएसएनएल सेवा बाधित होने से डाटा एंट्री सेवा भी बंद हो गई। इसके कारण वैक्सीनेशन काम रुक गया। काम चलाने के लिए जियो का डोंगल भेजा गया लेकिन उसने भी काम नहीं किया। वैक्सीनेशन का काम रुकने पर लोगों ने नाराजगी जताई। 12.30 के बजे बाद संचार सेवा बहाल होने पर डाटा एंट्री हो पाई। उप जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. गोविंद पुजारी ने बताया कि संचार सेवा बाधित होने से वैक्सीनेशन कार्य प्रभावित रहा। इधर, बीएसएनएल के एजीएम जीएस रावत ने बताया कि केबल कटने से लगभग दो घंटे संचार सेवा बाधित रही। उन्होंने बताया कि अब स्थिति सामान्य हो गई है।