पौड़ी। उत्तराखंड की डिजिटल शिक्षा पहल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता मिली है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) उत्तराखंड की ओर से विकसित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित शिक्षक प्रशिक्षण परियोजना का चयन संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक व सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) के सूचना प्रौद्योगिकी शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित एआई इन एजुकेशन अवॉर्ड्स-2026 में दुनिया की शीर्ष छह परियोजनाओं में किया गया है। इस परियोजना के विकास में जनपद पौड़ी गढ़वाल के शिक्षाविद डॉ. अतुल बमराड़ा और दौलत सिंह गुसाईं ने टीम सदस्य के रूप में योगदान दिया।
दोनों शिक्षकों ने एआई आधारित शिक्षण सामग्री, डिजिटल संसाधनों और शिक्षक प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभाई। यह प्रशिक्षण पाठ्यक्रम प्रदेश के सभी विद्यालयी शिक्षकों के लिए संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य शिक्षकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सुरक्षित, जिम्मेदार और प्रभावी उपयोग के लिए प्रशिक्षित करने के साथ ही विद्यालयों की शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में एआई का प्रभावी समावेश को शामिल करना है। शिक्षा विभाग और शिक्षाविदों ने इस उपलब्धि पर दोनों शिक्षकों के कार्यों की सराहना की है।