श्रीनगर। तहसील कीर्तिनगर में एसडीएम की तैनाती न होने पर उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया है। कहा कि एसडीएम के स्थानांतरण होने के एक महीने से अधिक समय बाद भी तैनाती नहीं हो पाई है। जिस कारण लोग परेशान हैं। मामले को लेकर उक्रांद कार्यकर्ताओं ने शनिवार को तहसीलदार के माध्यम से जिलाधिकारी टिहरी को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में पूर्व ब्लाॅक प्रमुख कीर्तिनगर विजयंत निजवाला, चंद्रमोहन चौहान व चिरंजीव पुंडीर ने कहा कि बीते नौ दिसंबर को तहसील कीर्तिनगर से उपजिलाधिकारी का स्थानांतरण हो गया था, लेकिन अभी तक यहां स्थायी रूप से एसडीएम की तैनाती नहीं हो पाई है।
जिस कारण प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट वाद कार्यों का समय से निस्तारण नहीं हो पा रहा है। साथ ही लोगों और बेरोजगार युवाओं को प्रमाणपत्र आदि बनाने के लिए भटकना पड़ रहा है। चेतावनी दी गई कि अगर 15 दिनों के भीतर एसडीएम की तैनाती नहीं की गई तो उक्रांद कार्यकर्ताओं को आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस मौके पर सत्येंद्र भट्ट, रवि दत्त बलूनी, अजय सिंह, जसपाल नेगी, कलम सिंह व गिरीश डिमरी आदि मौजूद थे। संवाद