सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा और बांदीपोरा जिलों में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता से भी इस्तीफा दिया है। इससे पहले शनिवार को बारामुला जिले के भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष मारूफ भट ने इस्तीफा दिया था।
उन्होंने अपने इस्तीफे को लेकर कहा था कि हम देश के लिए अपनी जान तो कुर्बान कर सकते हैं लेकिन अपने बच्चों और परिवार वालों की नहीं। उनके अनुसार दो बार उन पर हमला किया गया था लेकिन उन्हें सुरक्षा मुहैया नहीं करवाई गई। इसके अलावा कुपवाड़ा जिले के भाजपा के उपाध्यक्ष आसिफ अहमद ने भी इस्तीफा दे दिया।
इस्तीफों से कोई फर्क नहीं पड़ता : कुरैशी
भाजपा नेताओं के इस्तीफे पर उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के भाजपा के सीनियर नेता जावेद कुरैशी ने कहा कि जिन नेताओं ने भी इस्तीफा दिया है, उन्होंने खतरे के चलते नहीं बल्कि पारिवारिक मसलों के चलते दिया है। यह कोई बड़े नेता नहीं थे, हाल ही में कुछ महीने पहले पार्टी में शामिल हुए थे।
उन्होंने कहा कि यह कोई बड़ा मसला नहीं है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि हम पिछले तीन दशक से यह सब देखते आ रहे हैं। हमें कोई डर नहीं है। जमीनी स्तर पर जुड़े हमारे कार्यकर्ता हर घर तक भाजपा के मिशन को पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं।