देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर महादेव चट्टी के पास एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 300 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की मौत हो गई। बारिश और ओले गिरने के कारण ट्रक अनियंत्रित होने की आशंका है।
बछेलिखाल चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने बताया कि रविवार सुबह महादेव चट्टी स्थित एक ढाबा संचालक ने वाहन दुर्घटना की सूचना दी थी। इस पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। घटनास्थल पर कबाड़ से भरा ट्रक खाई में गिरा दिखा। संयुक्त टीम ने खाई में उतरकर तलाशी ली तो मौके पर चालक का शव मिला। ट्रक से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान शीशपाल (56) निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने शव खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने वाहन स्वामी और मृतक की पत्नी मनीषा से संपर्क किया तो पता चला कि शीशपाल वर्तमान में लोनी में रह रहा था और श्रीनगर से कबाड़ लेकर लौट रहा था। मनीषा ने बताया कि शनिवार रात करीब ग्यारह बजे उसकी पति से आखिरी बार बात हुई थी। उन्होंने क्षेत्र में तेज बारिश और ओले गिरने की बात कही थी। संवाद