बदरीनाथ हाईवे पर चौरास मोटर पुल के पास ट्रक ने बाइक सवार महिला को कुचल दिया। महिला पूर्व बीडीसी (क्षेत्र पंचायत समिति) सदस्य थीं। हादसे में महिला के बेटे को भी गंभीर चोट आई है। हेलमेट की वजह से उसकी जान बच गई। पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में ले लिया है। कोतवाल हरिओम राज चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
श्रीकोट गंगानाली की पूर्व बीडीसी सदस्य रोशनी जुगरान (45) पत्नी चंडी जुगरान सोमवार दोपहर अपने बेटे सागर के साथ बाइक पर श्रीनगर की ओर जा रही थी। श्रीकोट से करीब 1 किलोमीटर दूर चौरास मोटर पुल के पास ढलान पर पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। ट्रक से टकराने के बाद सागर एक ओर छिटक गया, वहीं रोशनी का पेट से नीचे का हिस्सा पिछले टायर के नीचे आ गया। श्रीकोट चौकी के एसआई पंचम सिंह बुटोला ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक राकेश पंत निवासी पोखरी (जिला चमोली) व लोगों की मदद से महिला को बेस अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुटोला ने बताया कि प्रथम दृष्टया इसमें ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। चालक ने ओवरटेक करने के लिए ट्रक आगे बढ़ाया लेकिन विपरीत दिशा से वाहन आने की वजह से उसने ट्रक को बाई ओर मोड़ दिया। इससे बाइक पिछले टायर की चपेट में आ गई। चालक को हिरासत में ले लिया गया है।