पौड़ी/पाबौ/थलीसैंण। जिला मुख्यालय पौड़ी में बीते बुधवार शाम आंधी चलने से जनजीवन खासा प्रभावित हो गया। पौड़ी नगर व आसपास के क्षेत्रों में पूरी रात बिजली गुल रही। जबकि दो स्कूलों समेत आधा दर्जन घरों की छत उड़ गई। जबकि पौड़ी में विभिन्न जगह पेड़ गिर गए।पौड़ी व आसपास के क्षेत्रों में आंधी से नगर क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हो गया। आंधी से जीजीआईसी पौड़ी व प्राथमिक विद्यालय चरधार की छत क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि पालिका क्षेत्र के गडोली, सर्किट हाउस, धारा रोड़ चौक, आकाशवाणी कंडोलिया मंदिर व हनुमान मंदिर के पास पेड़ गिर गए। आंधी से बुधवार पूरी रात नगर क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहा।
जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के मुताबिक मनियारस्यूं के बिटगांव निवासी नरेश कुमार, कल्जीखाल के भेंटीगांव निवासी विश्व प्रकाश व मधुसूदन के मकान की छत आंधी की भेंट चढ़ गई। कंडवालस्यूं के कोटी गांव निवासी अंकित ध्यानी के मकान पर पेड़ गिरने से भवन को क्षति पहुंची। पाबौ ब्लॉक के सैंजी, बुरांसी, ताल चंपेश्वर, सन्यूं, मरखोला, चोपड़ियूं, रलथम, सरणा और बिसल्ड आदि गांवों में बुधवार सबुह 8 बजे से बिजली आपूर्ति ठप रही। सामाजिक कार्यकर्ता संजय नौटियाल व गणेश नेगी ने बताया कि 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई। ऊर्जा निगम के एसडीओ पौड़ी गोविंद सिंह रावत ने बताया कि तकनीशियनों ने रातभर काम किया। पेड़ गिरने से अधिकांश जगहों पर बिजली आपूर्ति रोकनी पड़ी।