पाबौ। पौड़ी जिले के पाबौ मुख्य बाजार में ठंड बढ़ने के बावजूद अलाव की व्यवस्था न होने से राहगीर, व्यापारी और रात्रि में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी ठिठुरने को मजबूर हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के बावजूद ब्लॉक प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय व्यापारी मनोज रावत ने कहा कि प्रशासन की लापरवाही के चलते मुख्य बाजार में अलाव की व्यवस्था नहीं की जा रही है।
साथ ही पाला प्रभावित क्षेत्रों में चूने का छिड़काव भी नहीं किया गया, जिससे सड़कों पर फिसलन बनी हुई है। ठंड के कारण पुलिसकर्मियों को भी ड्यूटी के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अलाव की व्यवस्था की जाए और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।