कोट ब्लाक के विभिन्न गांवों में ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मशरूम और धूप बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सीडीओ पौड़ी आशीष भट्टगाईं के निर्देश पर स्वाति योगदान सेवा संस्थान अभी तक 10 से अधिक गांवों में ग्रामीणों को प्रशिक्षण दे चुकी है। संस्था की सचिव कुसुम राणा ने कहा कि पहाड़ में महिलाएं भी अब परिवार की आजीविका को मजबूत करने में आगे आ रही हैं।
कोटसाड़ा गांव में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में संस्थान के प्रशिक्षक अब्बल सिंह ने कहा कि मशरूम की बाजार में लगातार मांग बढ़ रही है, लेकिन मांग के अनुरूप उत्पादन अभी भी बहुत कम है। ग्रामीण मशरूम का उत्पादन कर परिवार की आजीविका को मजबूत बना सकते हैं। प्रशिक्षक अब्बल सिंह ने ग्रामीणों को धूप-अगरबत्ती बनाने का भी प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर रजनीश सकलानी, पूनम गुसाईं और राकेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।