श्रीनगर। उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड की ओर से नगर क्षेत्र के सरकारी विभागों में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य अंतिम चरण में है। पेयजल की पंपिंग स्कीम एवं स्ट्रीट लाइटों के विद्युत संयोजनों पर स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य पूर्ण हो चुका है।
केंद्र पोषित आरडीएसएस योजना के तहत यूपीसीएल की ओर से बिलिंग प्रक्रिया को अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से बिजली के सभी उपभोक्ताओं के कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने का कार्य गतिमान है। ऊर्जा निगम की ओर से फरवरी माह से पहले चरण में सरकारी विभागों में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य शुरू किया गया था, जो अब अंतिम चरण में है। यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता जीएस रावत ने बताया कि सरकारी, व्यावसायिक एवं सभी निजी उपभोक्ताओं के पुराने मीटर के स्थान पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। छूट गए सरकारी संस्थानों को अतिशीघ्र स्मार्ट मीटर लगाए जाने के लिए निर्देशित किया गया है। पहला चरण पूर्ण होने के बाद दूसरे चरण में क्षेत्र के सभी निजी उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने से रीडिंग संबंधी दिक्कतें नहीं आएंगी। उपभोक्ता को खपत की डीटेल का विवरण मोबाइल एप पर उपलब्ध होगा। बिजली बिल की लेट फीस से छुटकारा मिलेगा। कहा कि उपभोक्ताओं को घर बैठे ही मोबाइल एप या ऑनलाइन रिचार्ज करने की सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि पुराने मीटर को स्मार्ट मीटर से बदलने पर विभाग द्वारा किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जायेगा। संवाद