पौड़ी में जिला पंचायत की बैठक के दौरान सवाल उठाती जिपं सदस्य आरती भंडारी।
- फोटो : PAURI
जिला पंचायत की पहली बैठक हंगामे दार रही। सदन में सदस्यों ने भ्रष्टाचार, एमबी गायब होने, कार्यों की गुणवत्ता, निविदाओं का प्रकाशन यूपी में कराए जाने सहित अनेक मामले में जिला पंचायत की कार्यशैली को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने जिला पंचायत में हुए पिछले पांच वर्षों के विकास कार्यों की जांच की मांग की है।
शुक्रवार को बैठक की अध्यक्षता करते जिपं अध्यक्ष शांति देवी ने सदस्यों से सदन शांति पूर्ण चलाने में सहयोग की अपील की। कहा कि सभी को साथ लेकर कार्य किए जाएंगे। बैठक में स्वीत सीट से जिपं सदस्य आरती भंडारी ने एक ही स्थान पर एक कार्य के लिए तीन बार धनराशि दिए जाने को लेकर सवाल खड़े किये। उन्होंने कहा कि डायट चड़ीगांव में एक ही गूल के निर्माण, मरम्मतीकरण को लेकर 30 लाख की बड़ी धनराशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दी। उन्होंने कहा कि 39 नंबर की एमबी जिला पंचायत से साजिश के तहत गायब की गई है। उन्होंने सभी कार्यों की जांच की मांग भी उठाई। थैर सीट जिपं सदस्य गौरव रावत ने कहा कि जिपं की निविदाएं लखनऊ के अखबारों में प्रकाशित हो रही हैं। जिन्हें निरस्त किया जाए। टीला सीट से सदस्य गणेश नेगी ने टेंडर प्रक्रिया समाप्त कर वर्क आर्डर पर विकास कार्य कराए जानें की मांग की। गढ़कोट सीट सदस्य संजय डबराल ने क्षेत्र में विकास कार्य पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से कराए जाने की मांग की। डोभ-श्रीकोट सीट से सदस्य मेहरबान सिंह नेगी ने कहा कि एक कार्य तीन अगस्त 2019 को शुरू हुआ और संपूर्ण भुगतान 16 अगस्त को ही कर दिया गया और निविदाएं लखनऊ में प्रकाशित हुई, जो स्वयं में भ्रष्टाचार के पुख्ता प्रमाण दे रहा हैं। संचालन एएमए संतोष खेतवाल ने किया। इस अवसर पर जिपं उपाध्यक्ष रचना बुटोला, भरत सिंह, सीमा सजवाण, कुलदीप रावत, आरती गौड़, पुष्पा नेगी, अमन सिंह, आशुतोष पोखरियाल आदि मौजूद थे।
सात समितियां गठित
बैठक में सात समितियों का गठन किया गया। प्रत्येक समिति में एक-एक सभापति सहित 71 सदस्य नामित किए गए हैं। जैव विविधता समिति में ग्वाड़ सीट से सदस्य कैलाश चंद्र को सभापति व 14 सदस्य, जल प्रबंध समिति में कुलभूषण को सभापति व 11 सदस्य बनाए गए हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समिति में आरती भंडारी सभापति व 10 सदस्य, नियोजन एवं विकास समिति में जिपं अध्यक्ष शांति देवी सभापति व 12 सदस्य, निर्माण कार्य समिति में गौरव रावत सभापति व आठ सदस्य बनाए गए हैं। शिक्षा समिति में जिपं उपाध्यक्ष रचना बुटोला सभापति व आठ सदस्य और प्रशासनिक समिति में जिपं अध्यक्ष शांति देवी सभापति व आठ सदस्य नामित किए गए हैं।