कोटद्वार/सतपुली। डीएम पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया ने सतपुली में तहसील दिवस की कार्यवाही में 44 शिकायतों की सुनवाई कर अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया। शेष शिकायतों का संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में विधवा आनंदी देवी ने पेंशन, दिव्यांग अशोक कुमार ने स्वरोजगार के लिए किसी योजना में आर्थिक सहायता की मांग, नगर पंचायत में सुपरवाइजर पद पर तैनात हर्षवर्धन गौड़ ने वेतन की समस्या, रैतपुर मल्ला निवासी पंचम सिंह ने खराब विद्युत मीटर, प्रदीप डोबरियाल ने पर्यटक भवन निर्माण संबंधी समस्या रखी।
डीएम ने डांडा बग्याली मोटर मार्ग निर्माण से क्षतिग्रस्त जल संस्थान की पाइपलाइन की शिकायत पर निर्माण एजेंसी को 15 मार्च तक हर हाल में मरम्मत कार्य पूर्ण करने, जल निगम को ज्वालपा पंपिंग योजना एवं भूमियांडांडा पंपिंग योजना का कार्य 28 फरवरी तक पूर्ण करने, नौगांवखाल-तुमाखाल मोटर मार्ग पर उखड़े डामरीकरण को 15 मार्च तक दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, ब्लॉक प्रमुख पंकज बिष्ट, डीएफओ पौड़ी महातिम यादव, सीडीओ गिरीश गुणवंत, एसडीएम सतपुली रेखा आर्य आदि उपस्थित रहे। संवाद