श्रीनगर डाकघर के पास कूंडेदान के आगे धरने पर बैठे लोग।
- फोटो : SHRINAGAR
नगर में पांच दिनों से कूड़ेदानों से कूड़ा न उठने से शहर में पसरी गंदगी के विरोध में स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर डा. बीपी नैथानी के नेतृत्व में लोगों ने श्रीकोट टैक्सी स्टैंड के सामने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने कहा कि कूड़ा नहीं उठने से शहर में दुर्गंध फैल रही है, जिससे गंभीर रोगों के फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने शीघ्र समस्या का निराकरण नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
नगर निगम व नगर पालिका के विवाद के कारण शहर की सफाई व्यवस्था चरमराई गई है। पालिका में ईओ न होने से कूड़ा उठाने वाले वाहनों के डीजल के लिए धनराशि अवमुक्त नहीं हो पा रही है, जिससे जगह-जगह रखे कूड़ेदान भर चुके हैं। साथ ही लावारिस पशुओं द्वारा कूड़े को सड़कों पर फैलाया जा रहा है। मामले में शासन-प्रशासन की ओर से भी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
रविवार को समस्या के विरोध में स्वच्छता ब्रांड एबेंसडर डा. बीपी नैथानी ने अन्य लोगों के साथ डाकघर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे रखे कूड़ेदान के सामने धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि वह इस संदर्भ में गढ़वाल आयुक्त को भी पत्र दे चुके हैं। बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। अलकनंदा टैक्सी एसोसिएशन श्रीनगर के अध्यक्ष महावीर बहुगुणा व श्रीनगर जिला व्यापार सभा के अध्यक्ष वासुदेव कंडारी ने भी धरना प्रदर्शन में शामिल होकर विरोध जताया। कहा कि सड़कों पर कूड़ा जमा होने से आसपास के लोग खासे परेशान हैं, जबकि स्कूल जाने वाले छात्रों को भी बदबू और गंदगी से जूझना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों में मंजू नैथानी, सौरभ नैथानी, कुलदीप, संदीप, धीरज बिष्ट ज्योति, गायत्री देवी, शशि पुरोहित सहित कई शामिल थे।