उत्तरी कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ का संयुक्त ऑपरेशन पिछले कई दिनों से जारी है। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। पिछले तीन दिन में दो आतंकियों और 12 आतंकी समर्थकों को सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार किया है। आतंकी संगठनों को इससे बड़ा झटका है।
मंगलवार को भी सुरक्षाबलों ने सीमा पार से हथियारों की तस्करी के इनपुट पर कुपवाड़ा में एक आतंकी और चार ओजीडब्ल्यू(आतंकियों के मददगार) को गिरफ्तार किया था। वहीं सोमवार को बारामुला जिले के सोपोर में नाके के दौरान दो आतंकी समर्थकों को हथियारों और विस्फोटक के साथ पकड़ा गया था। बुधवार को बांदीपोरा में एक आतंकी और तीन ओजीडब्ल्यू को गिरफ्तार किया। बाद में इनसे पूछताछ के आधार पर तीन और को पकड़ा।
अब पूरा ध्यान उत्तरी कश्मीर पर
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिणी कश्मीर में लगभग आतंक का सफाया करने के बाद अब सुरक्षाबलों का ध्यान उत्तरी कश्मीर पर है। इसी के चलते पिछले करीब एक महीने से आतंकवादियों और उनके समर्थकों के खिलाफ लगातार ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इसमें कामयाबी भी मिल रही है।