विकास भवन पौड़ी स्थित स्वजल विभाग के कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार छठवें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। स्वजल कर्मचारी संगठन के सचिव वीरेंद्र कुमार ने कहा कि स्वजल फेज-1, स्वजलधारा, सेक्टर कार्यक्रम, संपूर्ण स्वच्छता अभियान, निर्मल भारत अभियान, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल आपूर्ति कार्यक्रम, स्वजल भारत मिशन (ग्रामीण), जल जीवन मिशन में कर्मचारी लगातार बेहतर योगदान दे रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों को छह माह से वेतन नहीं दिया जा रहा है। सरकार जल्द ही कर्मचारियों को वेतन नहीं देती तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। कार्य बहिष्कार करने वालों में सुरेखा पोखरियाल, महादेव सिंह, प्रकाश चंद्र, जयदीप रावत शामिल रहे।
वहीं गोपेश्वर में भी स्वजल कर्मियों का कार्य बहिष्कार पांचवें दिन भी जारी रहा। कर्मियों ने कहा कि जब तक वेतन नहीं मिलता आंदोलन जारी रखेंगे। कार्य बहिष्कार करने वालों में संजय पंत, संतोष खनेड़ो, मनीष कुमार, कुलदीप, विनोद लाल मौजूद थे। संवाद