संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। थलीसैंण ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय ऐंगार में तैनात शिक्षक संजय कुमार गोदियाल ने अपने ही विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शिक्षक ने उच्चाधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने विद्यालय प्रांगण में ही धरना दिया।
सोमवार को सहायक अध्यापक व प्रभारी प्रधानाचार्य संजय कुमार गोदियाल राजकीय प्राथमिक विद्यालय ऐंगार में धरने पर बैठे। आरोप लगाया कि किसी की शिकायत पर अफसरों ने उन पर कार्रवाई की है। कहा कि उन पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। दरअसल शिक्षक गोदियाल को छात्र संख्या में गड़बड़ी समेत विभिन्न आरोपों के चलते बीती सात अक्तूबर को डीईओ प्रारंभिक शिक्षा के आदेश पर निलंबित किया था। जिसके बाद शिक्षक ने विभाग के खिलाफ प्राथमिक विद्यालय में ही धरना शुरू कर दिया है।
शिक्षक ने निलंबन के आदेश को वापस लेने, विद्यालय विकास निधि खर्च न करने का सीईओ का आदेश वापस लेने व बिना प्रधानाचार्य को सूचित किए बीईओ के निरीक्षण व जांच आदि को बंद करने की मांग उठाई। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष कमला देवी और भोजनमाता विधाता देवी भी शामिल रहीं। उधर, मुख्य शिक्षा अधिकारी डीसी गौड़ का कहना है कि पठन-पाठन को लेकर किसी भी तरह की लापरवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालांकि इस मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।