अमर उजाला इम्पैक्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। उपजिला चिकित्सालय श्रीनगर में सर्जन की कमी से परेशान मरीजों को आखिरकार राहत मिल गई है। अमर उजाला में 23 अक्तूबर को ‘अस्पताल में दो सप्ताह से सर्जन नहीं, मरीज परेशान’ शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। मंगलवार को सर्जन डॉ. मोहित कुमार अस्पताल पहुंच गए और उन्होंने कामकाज शुरू कर दिया।
श्रीनगर के साथ ही बडियारगढ़, सिल्काखाल, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी और चमोली समेत दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भी उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा था। उपजिला चिकित्सालय में सर्जन के दो पद हैं। मगर तीन माह पहले सर्जन डॉ. नितेश कुमार का टिहरी स्थानांतरण कर दिया गया था। दूसरे सर्जन डॉ. मोहित कुमार को तीन अक्तूबर को यात्रा ड्यूटी पर उत्तरकाशी भेजा गया था। अमर उजाला में मरीजों की परेशानी को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद मंगलवार को सर्जन डॉ. मोहित कुमार को अस्पताल भेजा गया। उपजिला चिकित्सालय के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रचित गर्ग ने बताया कि मंगलवार को सर्जन अस्पताल पहुंच गए हैं और उन्होंने काम शुरू कर दिया है।