श्रीनगर। आईटीआई के छा़त्र-छा़त्राओं ने गोला पार्क में नुक्कड़ नाटक से युवाओं को कॅरिअर के रूप में आईटीआई के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्रों ने आईटीआई में पढ़ाए जाने वाले विषयों के साथ फार्म भरने की प्रक्रिया को भी साझा किया।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य संजीव कुमार के निर्देशन में जगह-जगह नुक्कड़ नाटकों का आयोजन कराया जा रहा है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से 10वीं, 12वीं कर चुके छात्रों को आईटीआई को कॅरिअर के रूप में अपनाने को लेकर जागरूक किया जा रहा है। गोला पार्क में आईटीआई के छात्रों द्वारा विभिन्न ट्रेडों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही औद्योगिक संस्थानों में होने वाले कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की।
शिक्षक हरीश पुरी ने कहा कि आईटीआई श्रीनगर में कुल 12 ट्रेडों का संचालन किया जाता है, जिनमें प्रवेश को लेकर छात्रों, युवाओं को जागरूक किया जा रहा है। शिक्षक ओम प्रकाश ने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र के लिए सात जून से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। छात्र सात जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन फार्म भर सकते हैं। विक्रम, दीक्षा, अंकित मुयाल, कंचन, संजय, कार्तिक, नेहा नुक्कड़ नाटक में प्रतिभाग किया।