पूर्व में 30 जून को घोषित करने की कही गई थी बात
आगामी 25 जुलाई से शुरू होना है विवि का शैक्षणिक सत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि में बीए, बीएससी, बीकॉम एवं अन्य स्नातक स्तरीय पाठ्यक्रमों के प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए छात्रों को सीयूईटी-यूजी प्रवेश परीक्षा के परिणाम का इंतजार है। पूर्व में प्रवेश परीक्षा के परिणाम 30 जून तक घोषित करने की बात कही गई लेकिन लेकिन परिणाम घोषित नहीं हुआ।
एनटीए की ओर से सीयूईटी-यूजी की प्रवेश परीक्षा मई माह के तृतीय और चतुर्थ सप्ताह में ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से आयोजित की गई थी। छात्रों ने कहा कि सीयूईटी प्रवेश परीक्षा संपन्न हुए एक माह हो गया है। कई छात्रों ने अन्य विश्वविद्यालयों व संस्थानों में अन्य अलग-अलग पाठ्यक्रमों के लिए भी आवेदन किया हैं। सीयूईटी-यूजी का परिणाम घोषित नहीं होने से उनके सामने असमंजस की स्थिति बनी है। यदि परिणाम समय पर घोषित नहीं होते हैं तो इससे शैक्षणिक सत्र गड़बड़ा जाएगा। दूसरी ओर गढ़वाल विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. महावीर सिंह नेगी ने कहा कि विवि की अपने स्तर से प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने को लेकर सभी तैयारियां पूरी हैं। परिणाम घोषित होते ही विवि 10 दिन में पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर देगा। उसके बाद छात्रों को मेरिट के आधार पर प्रवेश दिए जाएंगे। कहा कि विवि का शैक्षणिक सत्र 25 जुलाई से शुरू होना है।