गढ़वाल विवि में कुलपति सचिवालय गेट पर प्रदर्शन करते छात्र
- फोटो : SHRINAGAR
गढ़वाल केंद्रीय विवि के सभी परिसरों में छात्रसंघ चुनाव और कक्षाओं का ऑफ लाइन संचालन शुरू करने की मांग के लिए छात्रम संगठन ने कुलपति सचिवालय के समक्ष प्रदर्शन किया। छात्रों ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई न किए जाने पर दीक्षांत समारोह का विरोध करने की चेतावनी दी है।
सोमवार को विवि प्रशासनिक भवन परिसर में पहुंचे छात्रों ने उक्त मांगो को लेकर कुलपति से वार्ता के लिए समय मांगा, लेकिन मौके पर पहुंचे मुख्य नियंता प्रो. बीपी नैथानी ने कुलपति की ओर से छात्रों से वार्ता की। इस दौरान छात्रों ने कहा कि उनकी कक्षाएं विधिवत तरीके से संचालित की जाएं व जल्द ही छात्र संघ चुनाव कराएं जाए। मुख्य नियंता ने कहा कि क्रमबद्ध तरीके से सभी कक्षाओं के संचालन की तैयारी की जा रही है। इसके लिए जल्द ही विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस दौरान वहां पर मौजूद कुछ शिक्षकों के साथ शुल्क को लेकर छात्रों की बहस भी हुई। छात्रों का आरोप था कि कई बार समस्याओं के समाधान के लिए कुलपति से मिलने का अनुरोध किया गया, लेकिन कुलपति छात्रों की समस्या सुनने को तैयार नही है। प्रदर्शनकारियों में छात्रम जिला संयोजक आशीष भट्ट, जिलाध्यक्ष राहुल सोनी, रोहित पुंडीर, संजय, रजत, राहुल पुंडीर, हिमांशु बिष्ट, सौरव पुंडीर, अंकित कुमार, ललित, अखिलेश, कपिल, लव, कुश, शिवानी, आदित्य गैरोला, राजा नेगी व हिमांशु गैरोला आदि शामिल थे।