लॉकडाउन के दौरान कई लोगों के ट्रकों और एंबुलेंसों में बैठकर आने का मामला सामने आने पर पुलिस-प्रशासन सख्त हो गया है। सब्जी हो या राशन के ट्रक सभी की पूरी तलाशी ली जा रही है। वहीं एंबुलेंस चालकों के कागजात बारीकी से चेक किए जा रहे हैं।
सामान्य दिनों में चमोली, पौड़ी, टिहरी व रुद्रप्रयाग जिलों से भारी संख्या में रात के समय सब्जी के ट्रकों में लोगों को ढोया जाता है। ड्राइवर के केबिन से लेकर छत और सामान रखने वाले स्थान में लोग ठूंसे रहते हैं। जबकि मालवाहक वाहनों में सवारियों को ले जाना साफ मना है। इसके बावजूद यह ट्रक उत्तराखंड की कई पुलिस बैरियर पारकर उत्तरप्रदेश पहुंच जाते हैं। वहीं, एंबुलेंसों में भी मरीजों की आड़ मेें सवारियां ढोने की भी शिकायतें मिल रही हैं। एसडीएम कीर्तिनगर संदीप तिवारी ने बताया कि जांच टीम को सख्ती से तलाशी के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सवारी ढोने वाले वाहनों की भी तलाश की जा रही है। वहीं कोतवाल श्रीनगर एनएस बिष्ट ने बताया कि बैरियरों पर वाहनों को पूरी तलाशी के बाद आगे जाने दिया जा रहा है।