राप्रावि बसोला दस दिनों तक बंद रहने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक पौड़ी ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापिका के वेतन पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी है। साथ ही उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा है।
थलीसैंण ब्लाक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय बसोला 19 जुलाई से 29 जुलाई तक बंद था। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक से की थी। डीईओ बेसिक कुंवर सिंह रावत ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उप-खंड शिक्षा अधिकारी थलीसैंण एसडी वर्मा को जांच सौंपी। उन्होंने मामले की जांच कर आख्या डीईओ बेसिक को सौंपी। जांच में ग्रामीणों की शिकायत सही मिली। इस पर डीईओ बेसिक रावत ने जांच रिपोर्ट आने पर विद्यालय में सेवारत प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापिका के वेतन पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी है। डीईओ बेसिक कुंवर सिंह रावत ने बताया कि जांच में राप्रावि बसोला के प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापिका की अनियमितताएं सामने आई हैं। सेवारत दोनों शिक्षक-शिक्षिका से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है।