चौरास के सुपाणा में जल विद्युत परियोजना की नहर में एक 20 वर्षीय पैरामेडिकल की छात्रा के कूदने का मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार को परिजनों की सूचना पर अपर उपनिरीक्षक दीपेंद्र रावत और हेड कांस्टेबल राजेश रावत व जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंमी। टीम ने छात्रा को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को छात्रा नहर में छलांग लगाते हुए देखी गई है।
विज्ञापन
पुलिस टीम ने बताया कि नहर किनारे सुपाणा के पास छात्रा का बैग मिला। इसके बाद पावर हाउस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें छात्रा नहर में कूदती हुई दिखाई दी।
घटना के बाद छात्रा की तलाश को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। चौकी प्रभारी चौरास दीपेंद्र रावत ने बताया कि छात्रा की पहचान प्राची कठैत (20वर्ष) पुत्री महिपाल कठैत निवासी गंगानाली श्रीकोट के रूप में हुई है। वह राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में पैरामेडिकल बीओटीटी प्रथम वर्ष की छात्रा है।
छात्रा की तलाश जारी है तथा कारणों की भी जांच की जा रही है। मेडिकल कॉलेज के पैरामेडिकल पाठ्यक्रम के को-ऑर्डिनेटर प्रो. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रा के नहर में कूदने की सूचना मिली है। कहा छात्रा प्रथम वर्ष की छात्रा थी, स्वास्थ्य कारणों से वह पूर्व में अपनी परीक्षाएं भी नहीं दे पाई थी।