श्रीनगर। कीर्तिनगर ब्लॉक के जीआईसी पिपलीधार में उत्तराखंड का खान-पान एक अभियान व सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर उत्तराखंड के पारंपरिक अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा दिए जाने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जिला टिहरी के मुख्य शिक्षा अधिकारी शिव प्रसाद सेमवाल मौजूद रहे। उन्होंने इस अभियान की सराहना करते हुए छात्र-छात्राओं को फास्ट फूड से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
कहा हमारा पारंपरिक भोजन झंगोरा, कोदा, कौणी, गहथ आदि पौष्टिकता से भरपूर है। बाजार में इसकी भारी मांग के चलते किसानों के लिए भी यह आर्थिकी का महत्वपूर्ण जरिया बनते जा रहे हैं। अति विशिष्ट अतिथि प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. वाईएस नेगी ने कहा कि हमे पारंपरिक खेती को बएवा देने की आवश्यकता है। जिससे पहाड़ में बंजर होते खेतों को आबाद किया जा सके।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक व अभियान के संचालक जय प्रकाश कृत्थवाल, गढ़वाल विवि के भौतिक विज्ञानी डॉ. आलोक सागर गौतम, प्रधानाचार्य अजय कुमार धीमान, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिलवर रावत, राजेश चमोली, उत्तम सिंह नेगी, राजीव उनियाल आदि मौजूद रहे।
अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वालों का किया सम्मान
श्रीनगर। जीआईसी पिपलीधार में आयोजित सम्मान समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। जिसमें राजकीय प्राथमिक विद्यालय नागराजाधार की भोजनमाता विशांबरी देवी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कीर्तिनगर के शिक्षक जगदीश वर्धन, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुलेड़ी डागर के शिक्षक कुलदीप सिंह नेगी, राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय कीर्तिनगर के शिक्षक बिरेंद्र सिंह भंडारी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय ,नागराजाधार कडाकोट की शिक्षिका गीता कठैत,उत्कृष्ट किसान गोदांबरी देवी, सावित्री देवी, सामाजिक कार्यकर्ता उत्तम सिंह नेगी शामिल रहे।