पौड़ी। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने एनआईसी कक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में राजस्व, पुलिस व परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से शराब पीकर वाहन संचालकों के चालान करने के निर्देश दिए। साथ ही डीएम ने अधिकारियों को पालाग्रस्त क्षेत्र में नियमित चने के छिड़काव करने को कहा।
शनिवार को आयोजित सड़क सुरक्षा की बैैठक में डीएम ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्ती करने के लिए कहा। उन्होंने उप-जिलाधिकारियों, पुलिस व परिवहन विभाग को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत नियमित रूप से वाहनों की चेकिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही जो नये मार्ग बने हैं उनका सही तरीके से निरीक्षण करने को कहा।
इसके अलावा पालाग्रस्त क्षेत्र में चूने का छिड़काव नियमित रूप से करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने उपजिलाधिकारियों को जिस क्षेत्र में जो दुर्घटनाएं हुई हैं उनकी जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ चेतावनी दी कि जो संबंधित अधिकारी रिपोर्ट सही नहीं देंगे उनके विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां अभी तक मार्गो पर झाड़ी कटान नहीं हुई उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिससे वहां समय पर झाड़ी कटान किया जा सकेगा।
बैठक में अधीक्षण अभियंता लोनिवि पीएस बृजवाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट अनामिका, आरटीओ प्रवर्तन अनिता चंद, सीओ वैभव सैनी आदि मौजूद रहे।