कीर्तिनगर। नगर पंचायत कीर्तिनगर में ब्लॉक की आवासीय कॉलोनी का सीवेज रास्ते और नालियों में बहने से लोगों को बदबू से जीना मुश्किल हो गया है। करीब 10 दिनों से अधिक का समय बीतने पर भी नगर पंचायत कीर्तिनगर की कार्रवाई नोटिस जारी करने तक ही सीमित रह गई है।
स्थानीय निवासी जय सिंह कठैत ने बताया कि उनके आवासीय और व्यवसायिक प्रतिष्ठान के समीप विकास खंड कीर्तिनगर की आवासीय कॉलोनी है। करीब 10 दिन से अधिक समय से कॉलोनी के सीवेज के पिट से बड़ी मात्रा में गंदगी ब्लॉक कॉलोनी, कृषि एवं भूमि संरक्षण विभाग को जाने वाले रास्ते से बह कर नाली में गिर रही है।
वहीं दूसरी ओर समस्या के समाधान के लिए नगर पंचायत कीर्तिनगर ने खंड विकास अधिकारी को नोटिस भेजा है, जबकि खंड विकास अधिकारी की ओर से भी छह फरवरी को आवासीय कॉलोनी में रह रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस भेज कर समस्या के समाधान के लिए कहा है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ईओ आरएस सजवाण का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए खंड विकास अधिकारी को नोटिस भेज कर सीवेज पिट खाली करवाने को कहा गया है। एक-दो दिन में समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। संवाद