श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि में राष्ट्रीय एकता दिवस पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती मनाई गई। बिड़ला परिसर स्थित एसीएल सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भारत के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती विविध रियासतों को एकसूत्र में बांधने की थी। सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, राजनीतिक कुशलता और राष्ट्रनिष्ठा से इस चुनौती को अवसर में बदला और अखंड भारत की नींव रखी।
मुख्य छात्र सलाहकार एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी प्रो. एमएम सेमवाल ने सरदार पटेल केवल भावनाओं के नहीं, बल्कि संस्थाओं के स्थापत्यकार थे। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसाईं, कुलसचिव प्रो. राकेश डोढ़ी आदि मौजूद रहे।
रन फॉर यूनिटी में दौड़े छात्र, शिक्षक व कर्मचारी
श्रीनगर। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर विश्वविद्यालय की ओर से रन फॉर यूनिटी मैराथन का आयोजन किया गया। गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह, मेयर आरती भंडारी, एसडीएम नुपूर वर्मा ने मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नोडल अधिकारी डॉ. राकेश नेगी ने बताया कि यह आयोजन सरदार पटेल के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रतीक है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राकेश नेगी ने किया। मौके पर प्रो. मोहन पंवार, प्रो. मंजुला राणा, प्रो. डीएस नेगी, प्रो. गुड्डी बिष्ट, मुख्य नियंता प्रो. एससी सती, छात्रावास अधीक्षक डॉ. एसएस बिष्ट, प्रो. जेपी मेहता आदि मौजूद रहे।