पाबौ। विकासखंड पाबौ के राजकीय इंटर कॉलेज सीकू ने जनपद स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया है। युवा संसद में पाठ्य पुस्तकों में लगातार हो रहे बदलावों पर चर्चा हुई विकासखंड पाबौ के रांइका सीकू में आयोजित युवा संसद किशोर सभा की शुरुआत नवनिर्वाचित सांसदों के शपथ ग्रहण से हुई। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष के सांसदों की भूमिका में रिया नेगी, नेहा, नयन बिष्ट आदि ने निभाई। उन्होंने कक्षा 11 एवं 12 में पाठ्य पुस्तकों में लगातार हो रहे बदलावों पर प्रश्न पूछा। इसके अलावा उन्होंने विदेश नीति, निजीकरण एवं वित्तीय प्रबंधन, मुद्रा अवमूल्यन, पुरानी पेंशन योजना जैसे राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों पर तीखी बहस करते हुए अपनी बात रखी। इसके जवाब में सत्ता पक्ष में मनीषा ने प्रधानमंत्री, शौर्य बिष्ट ने विदेश मंत्री, प्रियांशु नेगी ने शिक्षा मंत्री और सोनम ने वित्त मंत्री के तौर प्रतिपक्ष के नेताओं के सवालों का एक-एक उत्तर दिया।
प्रतिपक्ष की नेता रिया नेगी ने विभिन्न मुद्दों पर सरकार के मंत्रियों को घेरने की कोशिश की। इसके बाद प्रश्नकाल के मध्य में सदन में जबरदस्त हंगामे की स्थिति बनी रही। लोकस्पीकर रितिका रावत ने बड़े शांत एवं निष्पक्ष तरीके से प्रश्नकाल की कार्रवाई पूर्ण करवाई। प्रधानाचार्य हनुमंत कुकरेती ने बताया कि राइंका सीकू ने जनपद स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर स्कूल के शिक्षकों और प्रबंधन ने भी खुशी जताई है।