कीर्तिनगर और देवप्रयाग ब्लॉक में दो दर्जन से अधिक माेटर मार्ग अवरुद्ध
कीर्तिनगर। भारी बारिश के कारण विकास खंड कीर्तिनगर और देवप्रयाग के ग्रामीण इलाकों को जोड़ने वाले करीब 24 से अधिक मोटर मार्ग पुश्ता ढहने और भारी मलबा आने से अवरुद्ध हो चुके हैं जिससे गांवों का शहर से संपर्क टूट चुका है। भले ही लोनिवि और पीएमजीएसवाई लोनिवि खंड कीर्तिनगर की ओर से अधिकतर मार्गों से मलबा हटाकर यातायात शुरू कर दिया गया है। कुछ मार्ग ऐसे हैं जिन पर वाहनों की आवाजाही शुरू करने में विभागों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
पीएमजीएसवाई लोनिवि खंड कीर्तिनगर के अधिशासी अभियंता शिवम रावत ने बताया कि बारिश के कारण चाचकंडा-गोनी-काड़ी, हिंसरियाखाल-कोटी गुजेठा, सिल्काखाल-सारकेणा, रौड़धार पौड़ीखाल-भासों, ललथ-सिवालीधार-सकुल्ड चमयारी, नैखरी कोटाखाल, सुपाणा-धारी,बडियार-सुपार-घणजी, बरसोली-गुरसोली व दुगड्डा-कोटी-जखेड मोटर मार्गों को भारी नुकसान हुआ है। रावत ने बताया कि 10 मोटर मार्गों में छह पर वाहनाें की आवाजाही शुरू कर दी गई है।
शेष मार्गों पर मलबा हटाने का कार्य चल रहा है। सुबह तक सभी मार्गों पर वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। वहीं लोनिवि की सड़कों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। विभाग के अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि बरसात से सड़कों को काफी क्षति पहुंची है। सड़कों के पुश्ते टूटे हैं। कई स्थानों पर भारी बोल्डर और मलबा गिरा है जबकि कुछ सड़कें धंस चुकी है। उन्होंने बताया कि विभाग को करीब 80 से 90 लाख तक नुकसान हाेने का अनुमान है। क्षेत्र के 15 मार्गों पर यातायात शुरू कर दिया गया है। शेष तीन मार्गों को खाेलने का काम जारी है।