नजीबाबाद मार्ग पर जाफरा के पास रविवार रात हुई जीप दुर्घटना में मारे गए व्यक्ति की शिनाख्त पीएसी के जवान रोशन सिंह के रुप में हुई है। वह ऊधमसिंह नगर में 31वीं बटालियन पीएसी में तैनात थे। रविवार को छुट्टी लेकर गांव आ रहे थे कि जीप हादसे का शिकार हो गए। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद पौड़ी पुलिस की ओर से शस्त्र उलटे कर उसे सलामी दी गई। जवान की अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में उनके गांव के लोग शामिल हुए।
रविवार रात नजीबाबाद से कोटद्वार आ रही सवारियों से भरी जीप विपरीत दिशा से आ रहे गन्ने के ट्रक से टकरा गई थी। सूचना मिलते ही जाफरा चौकी से यूपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कोटद्वार राजकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां रोशन सिंह (30) पुत्र स्व. आलम सिंह नेगी निवासी खुंडोगी जयहरीखाल पौड़ी गढ़वाल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में जीप चालक आसिम पुत्र इस्लामुद्दीन लकड़ी पड़ाव भी गंभीर रुप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जाफरा पुलिस के अनुसार हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। जिनमें जीप चालक आसिम, जीप मालिक फुरकान निवासी लकड़ी पड़ाव कोटद्वार, सुरेंद्र सिंह बीईएल रोड कोटद्वार, रिंकू निवासी नजीबाबाद जिला बिजनौर और दो नेपाली श्रमिक मन बहादुर और राज बहादुर शामिल हैं। जिनका यहां राजकीय अस्पताल कोटद्वार में उपचार चल रहा है। मृतक पीएसी के जवान रोशन सिंह का पोस्टमार्टम के बाद यहां खोह नदी के तट पर स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया। इससे पूर्व सीओ अरुणा भारती की अगुवाई में पुलिस की टुकड़ी ने शस्त्र उलटकर सलामी दी।