पौड़ी। पुरानी पेंशन बहाली और आरटीई अधिनियम 2009 लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी परीक्षा से मुक्ति की मांग के लिए उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने महारैली का आह्वान किया है। तीन सूत्री मांगों के लिए 24 अक्तूबर को सामूहिक अवकाश लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष मनोज जुगरान ने बताया कि प्राथमिक शिक्षकों की मांगों को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। कहा कि पिछले लंबे समय से शिक्षकों को टीईटी से मुक्त करने, एक अक्तूबर 2005 के बाद नियुक्त सभी शिक्षकों व कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद सुरक्षित भविष्य के लिए आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा के रूप में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने और शिक्षकों से अतिरिक्त कार्य न दिए जाने की मांग उठाई जा रही है।
शिक्षकों को शिक्षण कार्यों के साथ ही कई ऑनलाइन ऐप के माध्यम से ऑनलाइन कोर्स करने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे पाठ्यक्रम प्रभावित हो रहा है। विभिन्न ऐप डाउनलोड करने, ऑनलाइन कोर्स में विमुख होने पर आए दिन शिक्षकों को वेतन रोका जा रहा है। चेतावनी दी कि शिक्षणेत्तर कामों को शीघ्र बंद नहीं किया गया तो कार्य बहिष्कार किया जाएगा।