टिहरी सर्वाधिक नौ करोड़, पौड़ी में 6.93 और गोपेश्वर में 5.28 करोड़ से सड़कें हुईं दुरुस्त
पौड़ी। सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान के तहत गढ़वाल मंडल में लोनिवि के पौड़ी जोन के तहत पौड़ी, गोपेश्वर और टिहरी सर्किल में सभी सड़कें गड्ढा मुक्त हो गई हैं। तीनों सर्किलों में लोनिवि के विभिन्न शाखाओं को 1251.13 किमी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाना था जिसके सापेक्ष लोनिवि ने 1268.80 किमी सड़कों को गड्ढा मुक्त कर लिया है। इसके लिए विभाग ने 21.22 करोड़ का इस्टीमेट तैयार किया था।
15 अक्तूबर तक सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का लक्ष्य लोनिवि ने तय समय पर पूरा कर लिया है। लोनिवि ने गढ़वाल मंडल के तीनों सर्किलों में 101.41 प्रतिशत की प्रगति दर्ज की है। रिपोर्ट के अनुसार 7वें सर्किल गोपेश्वर के लिए 310.87 किमी का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष 326.05 किमी में काम हुआ। यहां प्रगति 104.88 प्रतिशत रही। सर्किल के अंतर्गत निर्माण खंड थराली ने लक्ष्य से अधिक काम करते हुए 133.33 प्रतिशत प्रगति दर्ज की। निर्माण खंड ऊखीमठ की प्रगति 114.29 प्रतिशत और प्रांतीय खंड रुद्रप्रयाग की 102.04 फीसदी रही।
8वें सर्किल टिहरी में 530.74 किमी के लक्ष्य के सापेक्ष 533.79 किमी में पैचवर्क हुआ। यहां प्रगति 100.57 फीसदी रही। निर्माण खंड चंबा ने 102.98 और कीर्तिनगर ने 102.86 फीसदी प्रगति दर्ज की।
वहीं 12वें पौड़ी सर्किल में तस्वीर थोड़ी अलग रही। यहां 409.52 किमी का लक्ष्य था, जबकि 408.97 किमी में ही काम दर्ज किया गया। सर्किल की प्रगति 99.86 प्रतिशत रही। निर्माण खंड दुगड्डा में लक्ष्य के सापेक्ष 98.58 प्रतिशत और प्रांतीय खंड व निर्माण खंड पौड़ी, श्रीनगर, लैंसडौन और पाबौ में 100 फीसदी प्रगति दर्ज की गई। बैजरो ने 105 प्रतिशत काम किया।
- टिहरी की 530 किमी सड़कों पर खर्च हुए सर्वाधिक नौ करोड़
लोनिवि के 8वें वृत्त टिहरी में नई टिहरी, नरेंद्रनगर, घनसाली, चंबा, कीर्तिनगर व थत्यूड़ में कुल 530.74 किमी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने में सर्वाधिक नौ करोड़ रुपये खर्च हुए। जबकि 12वें वृत्त पौड़ी में पौड़ी, श्रीनगर, लैंसडौन, दुगड्डा, बैजरो व पाबौ में 409.52 किमी पर 6.94 करोड़ और 7वें वृत्त गोपेश्वर में गोपेश्वर, कर्णप्रयाग, थराली, गौचर, रुद्रप्रयाग, ऊखीमठ, गैरसैंण और पोखरी में कुल 5.28 करोड़ में 310.87 किमी सड़कें गड्ढा मुक्त हुईं।
- लोनिवि के पौड़ी, गोपेश्वर और टिहरी सर्किलों में शत प्रतिशत काम पूरा हो गया है। ग्रामीण मार्गों को छोड़कर लोनिवि ने सभी सड़काें को तय समयसीमा पर पैचवर्क किया है। - ओम प्रकाश, मुख्य अभियंता, लोनिवि गढ़वाल मंडल।