जीजीआईसी श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम में बोलते सहायक शिक्षा निदेशक डॉ. सीपी घिल्डियाल -----
जीजीआईसी में आयोजित कार्यक्रम में बोले-सहायक निदेशक डॉ. घिल्डियाल
श्रीनगर। सफलता के लिए कोई शॉर्टकट मार्ग नहीं होता है, बस लगन पूर्वक और धैर्य पूर्वक परिश्रम करना ही इसका मूल मंत्र है। बावजूद सफलता नहीं मिलने पर फिर से प्रयास प्रारंभ कर देना चाहिए। यह बात शिक्षा एवं संस्कृत शिक्षा निदेशालय के सहायक निदेशक डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर में परीक्षा पर आयोजित कार्यक्रम में कही।
उन्होंने छात्राओं को किसी भी प्रकार के दबाव में अथवा डिप्रेशन में न आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अब बहुत अच्छा समय है, जब स्वयं प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री छात्र-छात्राओं को परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन करने के लिए सामने आते हैं। इससे बच्चों का बोर्ड परीक्षाओं के प्रति भय दूर होता है। उन्होंने प्रदेश में संस्कृत ग्राम की अवधारणा एवं इसके लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी। इससे पूर्व प्रधानाचार्य सुमन लता पंवार ने कहा कि एक विद्वान और कुशल प्रशासक अधिकारी के रूप में जिनकी छवि पूरे प्रदेश में है उनके विद्यालय में पहुंचने पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का नैतिक एवं मनोबल ऊंचा हुआ है। संचालन प्रवक्ता डाॅ. सरिता उनियाल ने किया। इस मौके पर लता पांडे, लक्ष्मी राय, प्रभा कुंवर, दीना कुकसाल, रोशनी, केडी पुरोहित, पूनम रावत, मंजू जुयाल, संध्या आदि मौजूद रहीं।