पौड़ी। विश्व हृदय दिवस पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंडियाल में जनजागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें विशेषज्ञों ने हृदय रोग, उसके कारण, हार्ट अटैक की बढ़ती घटनाओं सहित विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। साथ ही जागरूकता पर विशेष जोर दिया।
सीएचसी घंडियाल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. आशीष गुसाईं ने हृदय से संंबंधित रोगों एवं उनसे बचाव के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि प्रदूषण, असंतुलित आहार, दिनचर्या, मानसिक तनाव आदि के कारण व्यक्ति हृदय रोग से जुड़ी कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। जिससे आज के समय में कम उम्र में हार्टअटैक से मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। कहा, हमें हृदय से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूक रहना चाहिए, साथ ही हृदय से संबंधित रोगों से बचाव के लिए धुम्रपान, तंबाकू, किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना होगा। डॉ. गुसांई ने बढ़ती उम्र के साथ ही समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने पर जोर दिया। कहा, वजन को नियंत्रित रखें व मानसिक तनाव से दूर रहने के लिए प्रतिदिन व्यायाम और योगाभ्यास करते हुए संतुलित आहार जरूर लें। साथ ही पानी अधिक से अधिक पिएं। कहा, पर्याप्त नींद लेते हुए चिंता, गुस्सा तथा मानसिक तनाव से दूर रहना चाहिए। उन्होंने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम से ग्रामीण स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जाने का आह्वान किया। इस अवसर पर ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक शरद रौतेला, श्वेता, राजीव रावत, मनीष भट्ट, अमित और अनीता आदि मौजूद रहे।