श्रीनगर। विकासखंड खिर्सू के अंतर्गत चमराड़ा क्षेत्र के क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरजीत सिंह बिष्ट ने जिलाधिकारी पौड़ी को ज्ञापन देकर क्षेत्र में सड़क, मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा और पेयजल से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की है। कहा क्षेत्रवासी लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रहे हैं जिसका समाधान किया जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत खण्डाह-गढ़सरी-भेलगढ़-जाख मार्ग का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। इसके अलावा जाख, खालू और चमराड़ा क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी गंभीर बनी है। उन्होंने क्षेत्र में बेहतर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा राजकीय जूनियर हाई स्कूल जाख के समायोजन प्रस्ताव पर भी आपत्ति जताई गई। उनका कहना है कि विद्यालय बंद होने की स्थिति में बच्चों को कई किमी. दूर पढ़ने जाना पड़ेगा। वहीं जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों पर सवाल उठाते हुए योजना की थर्ड पार्टी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई गांवों में नल कनेक्शन तो लगाए गए हैं, लेकिन नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है।