देवप्रयाग। नगर में आधार कार्ड केंद्र नहीं होने से नगर सहित क्षेत्र के लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। इससे ई-केवाईसी, आधार कार्ड में त्रुटि सुधार और नए आधार कार्ड बनाने के लिए उन्हें श्रीनगर, ऋषिकेश या हिंडोलाखाल के चक्कर लगाने पड़ रहे है।
सरकार की ओर से आधार कार्ड बनाने का जिम्मा सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) को दिया गया था, लेकिन इनसे एक साल बाद ही आधार कार्ड बनाने का कार्य छीन लिया गया। अब सीएससी सेंटर आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट और पता आदि में परिवर्तन करने का ही काम कर रहे हैं, जिसके बाद बैंकों और डाकघरों में आधार कार्ड बनाने का काम दिया गया है।
अभी तक देवप्रयाग में ये सेवाएं शुरू नही हो पाई है। क्षेत्रवासी विकास ध्यानी, उत्तम भट्ट, त्रिवेंद्र रावत, सोनी नेगी, रीना रावत, नन्दनी, समुद्री देवी का कहना है कि पांच वर्ष के सभी बच्चों के दोबारा आधार कार्ड बनाने के लिए नगर में कोई व्यवस्था नही है। उन्होंने कहा कि लोगों के आधार कार्ड में नाम गलत है।
कोई मोबाइल से जुड़ा हुआ नही है। ऐसे में उनको सरकारी योजना का लाभ भी नही मिल पा रहा है। इसके लिए उन्हें श्रीनगर, हिंडोलाखाल और ऋषिकेश जाना पड़ रहा है। जिससे आम व्यक्ति का पैसा और समय भी खर्च हो रहा है। लोगों का कहना है कि देवप्रयाग नगर में बैंक या पोस्ट आफिस में आधार कार्ड केंद्र खोलने की व्यवस्था की जाए। वहीं क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी से बात की जाएगी।